बलिया.
लगातार गिर रहे तापमान और ठंड को देखते हुए प्रशासनिक तैयारी लगभग पूरी कर ली गयी है. हालाँकि, अधिकारी अभी भी कोहरे के आने का इंतज़ार कर रहे हैं। इस बीच, वंचित लोग ठंड में कांप रहे हैं। गरीबों को मौसम की मार से बचाने के लिए प्रशासन ने कंबल खरीदे हैं।
जिले में कुल छह तहसीलें हैं, जिनमें बलिया सदर, बांसडीह, सिकंदरपुर, बैरिया, रसड़ा और बेल्थरारोड शामिल हैं। शासन ने इन तहसीलों के लिए कंबल खरीदने हेतु 30 लाख रुपये का बजट जारी किया है, जबकि अलाव के लिए 3 लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है। इस बजट का उपयोग कंबल और लकड़ी की खरीदारी के लिए किया जाएगा। जिला स्तर पर कंबल के लिए टेंडर प्रक्रिया संपन्न की गई थी, और नमूने की जांच के लिए कानपुर भेजे गए थे। जांच के उपरांत टेंडर को स्वीकृति दी गई। इसके बाद कार्यदायी संस्था ने आपदा प्रबंधन के तहत सप्लाई की। इसके पश्चात, तहसीलों में वितरण के लिए कंबल भेजे गए। बलिया सदर में सबसे अधिक 1451 कंबल भेजे गए हैं, जबकि अन्य सभी तहसीलों में एक-एक हजार कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। इस बार कंबल का वितरण सरल नहीं होगा, क्योंकि वितरण के साथ लाभार्थियों का विवरण और फोटो पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। इसी प्रकार, अलाव जलाने की प्रक्रिया भी निर्धारित की जाएगी। एडीएम डीपी सिंह ने बताया कि तहसीलों को कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे।
0 Comments